पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण त्रैमासिक बैठक आगामी 1 जुलाई (बुधवार) को दोपहर 12 बजे प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल बाड़ीधार मंदिर परिसर तहसील अर्की में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष एवं राज्य पेंशनर्स कल्याण संघ के मुख्य सलाहकार केडी शमी करेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संघ के संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष आत्माराम शर्मा विशेष अतिथि के रूप में अपनी टीम सहित भाग लेंगे। बैठक में जिले भर से संगठन के पदाधिकारी,विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी देते हुए संगठन के जिला महासचिव जगदीश पंवर ने बताया कि बैठक में पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों,पेंशन संबंधी समस्याओं,कल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की भावी कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही आगामी रणनीति तैयार करने तथा सरकार के समक्ष प्रमुख मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने संगठन की जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, जिला की सभी इकाइयों के प्रधान, उपप्रधान, महासचिव एवं अन्य सदस्यों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें,ताकि संगठन की आवाज को और अधिक मजबूत बनाया जा सके तथा वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से ठोस निर्णय लिए जा सकें।
संगठन के जिला मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि बैठक स्थल बाड़ीधार अपनी प्राकृतिक सुंदरता,धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व के लिए पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि मान्यता है कि यह स्थल पांडवकालीन इतिहास से जुड़ा हुआ है तथा यहां स्थित प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं। वर्षभर यहां बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के साथ-साथ बाड़ीधार के प्राकृतिक सौंदर्य,शांत वातावरण और धार्मिक महत्व को निकट से देखने का भी अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बैठक संगठन को नई दिशा देने के साथ-साथ पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए भविष्य की प्रभावी रणनीति तय करने में मील का पत्थर साबित होगी।
Post a Comment