राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आगामी विधान सभा चुनाव से पहले सरकार संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल मजबूत करने में जुट गई है।

इसी कड़ी में सोमवार को कैबिनेट की बैठक के बाद सभी मंत्रियों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभारी मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे केवल अपने जिलों तक सीमित न रहें।

अन्य जिलों का भी दौरा कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करें, उनकी समस्याएं सुनें और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करें।

लोक भवन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी स्तर पर उपेक्षित या परेशान नहीं रहने चाहिए। यदि किसी समस्या का तत्काल समाधान संभव न हो तो संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।



सीएम योगी ने मंत्रियों को दिए निर्देश

साथ ही, मंत्रियों को जिलों में गठित समन्वय समितियों की बैठकों में सक्रिय भागीदारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान निकल सके।