⚡ ब्रेकिंग News

सिविल अस्पताल अर्की में पोस्ट नेटल तथा गर्भवती महिलाओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

सिविल अस्पताल अर्की में पोस्ट नेटल तथा गर्भवती महिलाओं  एवं अन्य उपस्थित लाभार्थियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पोस्ट नेटल तथा गर्भवती महिलाओं एवं आम जनमानस को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा मौखिक स्वास्थ्य  के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता सपना ठाकुर  ने उपस्थित पोस्ट नेटल तथा गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान समय पर टीकाकरण करवाना माँ और शिशु दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव होता है। उन्होंने यह भी बताया कि नियमित जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता और संस्थागत प्रसव सुरक्षित मातृत्व के लिए जरूरी हैं। सपना ठाकुर ने महिलाओं को सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर ( एचआईवी काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सर्विसेज), सिविल अस्पताल अर्की ने उपस्थित महिलाओं एवं अन्य लोगों को मौखिक स्वास्थ्य देखभाल के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ दांत और मसूड़े सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को विशेष रूप से अपने दांतों और मसूड़ों की देखभाल करनी चाहिए, क्योंकि इस समय हार्मोनल बदलावों के कारण मसूड़ों में सूजन और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

डॉ. शांडिल ने सही तरीके से ब्रश करने की विधि, दिन में दो बार दांत साफ करने, मीठे खाद्य पदार्थों का सीमित सेवन करने तथा नियमित रूप से दंत चिकित्सक से जांच करवाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि मौखिक स्वच्छता की अनदेखी से कई गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जो माँ और शिशु दोनों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर अपने प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और लोगों को सही समय पर उचित स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने के लिए प्रेरणा मिलती है।  आशा कार्यकर्ता सुनीता बंसल, गीता कश्यप, सुनीता देवी और उषा देवी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई!

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...