⚡ ब्रेकिंग News

मन को सकारात्मकता से भरो, जीवन को संतुलन से जियो हर परिस्थिति को पचाने की कला ही सफलता का मूल मंत्र है


हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के अर्की क्षेत्र के अंतर्गत गांव सावग-शिवनगर में आयोजित श्रीराम कथा के चौथे दिन आचार्य श्री भगतराम नड्डा जी ने अपने प्रवचन में “प्रकृति के तीन महत्वपूर्ण नियमों” को अत्यंत सरल, प्रेरणात्मक और गहन रूप में समझाया। उनके विचार न केवल आध्यात्मिक थे, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में लागू होने वाले मार्गदर्शक सिद्धांत भी थे।

पहला नियम: प्रकृति खाली स्थान को नहीं छोड़ती
आचार्य जी ने समझाया कि यदि खेत को खाली छोड़ दिया जाए, उसमें न हल चलाया जाए और न ही कोई बीज बोया जाए, तब भी वह स्वतः घास-फूस से भर जाता है। ठीक इसी प्रकार हमारा मन और मस्तिष्क भी कभी खाली नहीं रहता। यदि हम उसमें सकारात्मक विचार, ज्ञान और अच्छे संस्कार नहीं भरेंगे, तो नकारात्मकता अपने आप जगह बना लेगी। इसलिए आवश्यक है कि हम अपने मन को सदैव अच्छे विचारों, ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा से भरकर रखें।

दूसरा नियम: व्यक्ति वही बांटता है जो उसके पास होता है
आचार्य जी ने कहा कि हर व्यक्ति अपने भीतर जो धारण करता है, वही दूसरों को देता है।
जिसके पास सुख है, वह सुख की बातें करेगा, जिसके पास ज्ञान है, वह ज्ञान बांटेगा, जिसके मन में दुख या भ्रम है, वह वही फैलाएगा। यह नियम हमें सिखाता है कि हमें अपने अंदर सकारात्मकता, ज्ञान और सद्भावना को बढ़ाना चाहिए, ताकि हम समाज में भी वही बांट सकें।

तीसरा सबसे महत्वपूर्ण नियम: जो पचता नहीं, वही विष बनता है
आचार्य श्री भगतराम नड्डा जी ने तीसरे नियम को अत्यंत गहराई से समझाया और बताया कि यह नियम जीवन का सबसे “विकट और निर्णायक” नियम है। उन्होंने कहा  यदि भोजन पचता नहीं, तो वह शरीर में रोग उत्पन्न करता है।
इसी सिद्धांत को जीवन के हर पहलू पर लागू करते हुए उन्होंने समझाया:
धन (पैसा) : यदि किसी व्यक्ति के पास धन अधिक आ जाए और वह उसे “पचा” न सके, अर्थात उसका सही उपयोग न कर पाए, तो उसमें दिखावा, अहंकार और आडंबर बढ़ जाता है। धन का संतुलित उपयोग ही उसे सार्थक बनाता है।

बात (शब्द और जानकारी)
जो व्यक्ति किसी बात को सहन या समझ नहीं पाता, वह उसे गलत रूप में फैलाता है, चुगली करता है या विवाद खड़ा करता है। बात को पचाना यानी धैर्य और विवेक रखना।
प्रशंसा (तारीफ) : यदि कोई व्यक्ति प्रशंसा को पचा नहीं पाता, तो उसमें अहंकार आ जाता है। सच्ची सफलता वही है, जहां प्रशंसा भी विनम्रता के साथ स्वीकार की जाए।
निंदा (आलोचना) : यदि हम निंदा को सहन नहीं कर पाते, तो हमारे भीतर क्रोध और दुश्मनी पैदा हो जाती है।
लेकिन यदि हम उसे पचा लें, तो वही निंदा हमें सुधारने का अवसर देती है। उन्होंने सीख दी कि  सहनशीलता ही व्यक्ति को महान बनाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...