दाड़लाघाट
राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण रहा, जब महाविद्यालय की दो पूर्व छात्राओं भावना शर्मा और हिमानी वर्मा को श्रीनिवास रामानुजन स्टूडेंट्स डिजिटल योजना के अंतर्गत 16-16 रुपये हजार की छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल छात्राओं की मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि महाविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन को भी दर्शाती है। छात्रवृत्ति प्रभारी डॉ. भावना आजाद ने बताया कि भावना शर्मा और हिमानी वर्मा वर्ष 2024 में महाविद्यालय से उत्तीर्ण हुई थीं। दोनों छात्राओं का चयन उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों एवं मेरिट के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर भावना शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाविद्यालय से प्राप्त मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं हिमानी वर्मा ने भी बताया कि यह छात्रवृत्ति उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी तथा उन्हें अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल छात्राओं के परिश्रम का परिणाम है, बल्कि यह वर्तमान विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
Post a Comment