दाड़लाघाट:-विकास खंड कुनिहार की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। दूसरे दिन भी कई प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट से दूसरे दिन कुल पांच नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें प्रधान पद के लिए अनिल ने नामांकन भरा, जबकि उपप्रधान पद के लिए उमेश, धर्मपाल और हेमराज ने अपनी दावेदारी पेश की। वहीं वार्ड सदस्य पद के लिए प्रेमचंद ने नामांकन दाखिल किया। जबकि ग्राम पंचायत रोड़ी से दूसरे दिन केवल एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ, जिसमें उपप्रधान पद के लिए प्रदीप कुमार ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम पंचायत बरायली में दूसरे दिन कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
विकास खंड अधिकारी कुनिहार एवं निर्वाचन अधिकारी तन्मय कंवर ने बताया कि विकासखंड कुनिहार में 7 मई से 8 मई तक कुल 583 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। इनमें प्रधान पद के लिए 142, उपप्रधान पद के लिए 150 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 291 नामांकन शामिल हैं। कुल नामांकन में 376 पुरुष तथा 207 महिला प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। उन्होंने बताया कि 7 मई को कुल 325 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जबकि 8 मई को 258 नामांकन प्राप्त हुए। अब नामांकन प्रक्रिया का तीसरा और अंतिम दिन सोमवार को रहेगा। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम दिन कितने और प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरते हैं तथा पंचायत चुनाव का माहौल कितना गर्म होता है।
Post a Comment