दाड़लाघाट:- दाड़लाघाट क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। दाड़लाघाट चौक और आसपास के इलाकों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि रात के समय पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही कुत्तों के झुंड सड़कों और बाजार क्षेत्र में घूमने लगते हैं, जिससे राहगीरों में भय का माहौल बना रहता है। कई बार ये कुत्ते अचानक लोगों की ओर दौड़ पड़ते हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इस समस्या के समाधान के लिए अभी तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। कुत्तों के डर से लोग रात के समय आवश्यक कार्यों के लिए भी घरों से निकलने से बच रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने नसबंदी अभियान चलाने तथा अन्य आवश्यक उपाय अपनाकर लोगों को राहत प्रदान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की अपील की है।
Post a Comment