Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में सोमवार को अधिकतर जगह मौसम साफ रहा, लेकिन कुल्लू-मनाली में दोपहर बाद बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई. अटल टनल रोहतांग पर मौसम बिगड़ने से यातायात प्रभावित रहा. मौसम विभाग ने 26 और 29 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के चलते फिर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. 24, 25, 27 और 28 मार्च को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है. तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार हैं.
उत्तर पश्चिमी भारत में दो पश्चिमी विक्षोभों के एक के बाद एक आने की संभावना है. ऐसे में 26 और 29 मार्च को दो अलग पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार 24, 25, 27 और 28 मार्च को राज्य के अलग अलग स्थानों पर हल्की बारिश/ बर्फबारी होने की संभावना है. 24 मार्च को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिले के ऊंचे इलाको में व किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश/ बर्फ़बारी होने का येलो अलर्ट रहेगा. राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहेगा. जबकि 26 मार्च को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/ बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया गया है. वहीं 29 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों पर हल्की से मध्यम बारिश/ बर्फबारी होने की भी आशंका जताई गई है.प्रदेश में अगले 3-4 दिनों के दौरान कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ौतरी होने की संभावना है. वहीं अधिकतम तापमान में भी अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में धीरे धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान जताया गया है.
हिमाचल प्रदेश में अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ रहा. इस दौरान दोपहर तक धूप खिली रहने से तापमान में गर्मी दर्ज की गई. हालांकि कुल्लू मनाली में दोपहर बाद मौसम बदलने से बारिश का सिलसिला देखने को मिला. ऐसे में ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई. अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में दोपहर को मौसम बिगड़ने पर पुलिस के द्वारा वाहनों को वापस मनाली की ओर भेजना शुरू किया गया. कुल्लू में भी दोपहर को बारिश के साथ साथ तेज हवाएं और गर्जन रिकॉर्ड की गई. प्रदेश में बदले तापमान के साथ अब फिर से ठंडक बढ़ गई है. वहीं मंडी में मध्यम कोहरा छाया रहा. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम पारा ताबो में माइनस -0.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

Post a Comment