दाड़लाघाट:- ग्राम पंचायत दाड़लाघाट एवं मेला कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि जिला परिषद दाड़लाघाट वार्ड सदस्य मीनाक्षी ठाकुर तथा पंचायत समिति सदस्य दाड़लाघाट एवं रौड़ी संगीता सोनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। दंगल में क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे लगभग 120 छोटे-बड़े पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और पहलवानों ने अपनी ताकत, तकनीक एवं कुश्ती कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल की बड़ी माली में पिंटी केन्थल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि विकास जींद उपविजेता रहे। वहीं छोटी माली में जयदीप विजेता तथा कप्तान उपविजेता रहे। इसके अलावा दंगल के मुख्य मुकाबले में विशाल सुंदरनगर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दाड़लाघाट केसरी का खिताब अपने नाम किया। दंगल के दौरान करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश ने आयोजन में व्यवधान डाला, जिसके चलते मुकाबलों को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। हालांकि मौसम साफ होने के बाद दंगल को पुनः शुरू किया गया। बारिश के बावजूद पहलवानों और दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ तथा सभी मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न करवाए गए। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि दंगल जैसे आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है तथा वे खेलों के प्रति प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए यहां जल्द ही एक भव्य और आधुनिक स्टेडियम का निर्माण करवाया जाएगा, जो क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा और आने वाले समय में प्रदेश के उत्कृष्ट खेल परिसरों में अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दाड़लाघाट में भी शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। वर्तमान में अस्पताल में तैनात चिकित्सक एवं स्टाफ सराहनीय सेवाएं दे रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने दंगल के सफल आयोजन के लिए पंचायत एवं मेला कमेटी को बधाई देते हुए 31 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन ठाकुर, लाला शंकर दास अरोड़ा, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान श्याम सिंह चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, मेला कमेटी प्रधान सुरेंद्र शुक्ला, उपाध्यक्ष नरेश, अर्की-कश्लोग-मांगू परिवहन सभा अध्यक्ष वेदप्रकाश शुक्ला, बाघल लैंड लूजर प्रधान जगदीश ठाकुर, समाजसेवी नरेंद्र चौधरी, इंदर सिंह चौधरी, कृष्ण चंद भट्टी, मधुबाला, मदन शर्मा, नरेन्द्र हांडा, राकेश गौतम, बंटू शुक्ला, कमल कौंडल, जय सिंह ठाकुर, नरेश ठाकुर, संतराम कश्यप, पंचायत सचिव धनी राम, तिलक गौतम, योगेश, हैप्पी, खेमराज, पवन शर्मा, कमल ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, दीपक गजपति, राहुल चौधरी, मनु शुक्ला, गौरव शुक्ला, जयदेव ठाकुर, नरेश गिट्टू, चेतराम ठाकुर, नरेश शर्मा, छांगा राम, प्रेम, बालक राम शर्मा, उमेश, संत राम पंवर, अनिल, रमेश चंदेल, वीरेंद्र, भगत राम पंवर, राजीव सोनी गोलडी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
दाड़लाघाट में पहलवानों ने शानदार दांव-पेंच का किया प्रदर्शन।मुकाबले रहे बेहद रोमांचक
Him News 24
0
Post a Comment