दाड़लाघाट:- पंचायत दाड़लाघाट के गांव स्यार स्थित नेचड़ मैदान में बजरंगबली अखाड़ा कुश्ती कमेटी नेचड़ (स्यार) एवं ट्रांसपोर्टरों के सहयोग से आयोजित विशाल कुश्ती दंगल में प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। लगभग छह घंटे तक चले रोमांचक मुकाबलों में पहलवानों ने अखाड़े में बेहतरीन जौहर दिखाए और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल का शुभारंभ पूर्व विधायक अर्की गोविंद राम शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि किया, जबकि समापन समारोह के मुख्यातिथि अर्की के विधायक संजय अवस्थी रहे। पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि दंगल हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पहलवानों की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक हैं तथा ऐसे आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
समापन समारोह में विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि दंगल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं खेल परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और खेलों के प्रति उनका उत्साह बढ़ता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही खेल मैदान के विस्तारीकरण के लिए यथोचित राशि देने की घोषणा भी की। दंगल में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने भाग लिया। बड़ी माली के फाइनल मुकाबले में रोहतक के पहलवान ने जीरकपुर के सुनील पहलवान को हराकर खिताब अपने नाम किया। हिमाचल केसरी मुकाबले में कोलका के कुलवंत और सुंदरनगर के भूषण के बीच हुई कुश्ती बराबरी पर छूटी। छोटी माली का खिताब गोलू ने जीता, जबकि दाड़लाघाट केसरी का ताज विशाल मंडी के सिर सजा। आयोजक अंबुजा दाड़ला कश्लोग मांगू परिवहन सहकारी सभा (एडीकेएम) के पूर्व प्रधान बालक राम शर्मा, राम कृष्ण बंसल, अरुण शुक्ला, जय चंद चंदेल, पूर्व उपप्रधान लेखराज चंदेल, वार्ड सदस्य तिलक गौतम, कमलकांत चंदेल तथा वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि बड़ी माली के विजेता को 31 हजार रुपये तथा उपविजेता को 17 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा बाघल केसरी, छोटी माली तथा अन्य वर्गों के विजेता एवं उपविजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने सभी पहलवानों, अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। इस अवसर पर बालक राम शर्मा, मेहर चंद ठाकुर, राम कृष्ण बंसल, अरुण शुक्ला, वेदप्रकाश शुक्ला, जय चंद चंदेल, रूप चंद चंदेल, राम स्वरूप, राम रत्न चंदेल, कमल कांत चंदेल, लक्की चंदेल, पदम चंदेल, मोहन सिंह ठाकुर, लाला शंकर दास अरोड़ा, धर्मपाल शुक्ला, बंटू शुक्ला, श्रीराम शर्मा, नरेश शर्मा, रमेश चंदेल, मोहन, लेखराम ठाकुर, जय देव, मुकेश शुक्ला, हैप्पी, छांगू राम, पंचायत प्रधान दाड़ला श्याम सिंह चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, पूर्व प्रधान बंसी राम भाटिया, पंचायत प्रधान बरायली कृष्ण चंद भट्टी, वार्ड सदस्य तिलक गौतम, पंचायत सचिव धनी राम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Post a Comment