दाड़लाघाट
कशलोग स्थित शारदा पब्लिक स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए एक बार फिर शिक्षा का द्वार खोल दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत सत्र 2026-27 के लिए कक्षा पहली में 25 प्रतिशत सीटें निःशुल्क देने की घोषणा की है। विद्यालय के मुख्याध्यापक तरुण गांधी ने बताया कि आरटीई अधिनियम के अंतर्गत 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा प्रदान करना सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों को न केवल मुफ्त शिक्षा दी जाएगी, बल्कि पाठ्यपुस्तकें और वर्दी भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम हो सके। उन्होंने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए कक्षा पहली में आठ सीटें आरटीई के तहत आरक्षित सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू होकर 6 अप्रैल 2026 तक चलेगी।
इच्छुक अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बीपीएल आईआरडीपी प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पूर्व कक्षा की अंकतालिका, बोनाफाइड प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो जमा करवाएं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज के हर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाना है।
Post a Comment