दाड़लाघाट
बरायली पंचायत में देव आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां करनल श्याम सिंह चंदेल, सुबेदार मेजर लेख राम तथा रमेश चंदेल (पप्पू) के परिवार द्वारा मनोकामना पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य देव मिलन एवं देव परंपरा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र के प्रमुख आराध्य एवं ईष्ट देवता बाडुबाडा दाड़लाघाट, शिवगण देवता, मढोड देवता मांगु तथा मढोड देवता कराडाघाट विशेष रूप से जातर एवं श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देने हेतु पधारे। पावन अवसर पर श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ भी किया गया, जिसका समापन 9 अप्रैल को होगा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को भंडारे, देव दर्शन एवं कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया गया है। देव यात्रा के दौरान आसपास के गांवों एवं दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देवताओं के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में आस्था, श्रद्धा और पारंपरिक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु देव यात्राओं का आयोजन कर देवताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। इसके लिए पहले देवता के मूल मंदिर में जाकर देव कमेटी से यात्रा की तिथि निर्धारित की जाती है। इस आयोजन में लगभग 150 देवलुओं एवं 1500 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी के लिए स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक व्यंजन एवं भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई।
Post a Comment