हिमाचल प्रदेश की हसीन वादियों के बीच स्थित चायल के महोग बाग (एक्सट्रीम विलेज रिसॉर्ट) में 'क्रिएटर परिवार' द्वारा 'चांद सितारे अवार्ड' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के उभरते हुए सोशल मीडिया क्रिएटर्स को सम्मानित करना और समाज को नशा मुक्त व स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देना था।
कला के जरिए नशे पर प्रहार
कार्यक्रम के दौरान आयोजित 'नशा मुक्ति पेंटिंग प्रतियोगिता' में जिला सोलन के दाड़लाघाट (गाँव खाता) की ललिता ठाकुर ने अपनी बेहतरीन कलाकृति के लिए प्रथम पुरस्कार झटका। प्रतियोगिता की जज के रूप में उपस्थित कनिष्ठ अभियंता (JE) सुलक्षणा जसवाल (विकासखंड कंडाघाट) और मधु ठाकुर (अर्की) ने पेंटिंग्स का बारीकी से निरीक्षण किया और विजेताओं को पुरस्कृत किया।
60 क्रिएटर्स हुए सम्मानित
समाजसेवी पंकज ठाकुर (चायल) की मुख्य उपस्थिति में इस मुहिम को अंजाम दिया गया। प्रदेश भर से आए लगभग 60 प्रभावशाली क्रिएटर्स को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और रचनात्मक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल प्रबंधन और एंकरिंग रोहित कौशिक (कंडाघाट) द्वारा की गई, जिसमें अनूप शर्मा (कसौली), विनोद भाटिया (जुंगा), किरण ठाकुर, सीमा ठाकुर, सोनिका ठाकुर और रणधीर भारद्वाज ने अहम भूमिका निभाई।
मुख्य वक्ता पंकज ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया क्रिएटर्स समाज की नई आवाज हैं। इस अवसर पर सभी उपस्थित सितारों ने संकल्प लिया कि वे:
* नशा मुक्त समाज के लिए अपने कंटेंट के जरिए जागरूकता फैलाएंगे।
* हिमाचल के स्वच्छ पर्यावरण के लिए पौधारोपण करेंगे।
* हिमाचली संस्कृति, लोक नृत्य, संगीत और कृषि को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाएंगे।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में राजीव शूर, दीप लाल भारद्वाज (एकता मंच), किरण कश्यप और होटल के मालिक भानु वर्मा सहित कई गणमान्य विभूतियां उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने होटल प्रबंधन और आयोजकों का शानदार मेजबानी के लिए आभार व्यक्त किया।
Post a Comment