दाड़लाघाट
चरस और अफीम तस्करी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम ने मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को सोलन शहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। आगे की जांच और पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि फरार आरोपी मादक पदार्थों का एक सक्रिय और बड़ा सप्लायर है, जो लंबे समय से तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त था। जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। जांच में यह भी सामने आया कि वह ट्रक को अपनी कार से पायलट कर रहा था। पुलिस ने मामले में तकनीकी जांच को प्राथमिकता देते हुए मोबाइल लोकेशन, सीडीआर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में दोनों आरोपियों की लोकेशन शिमला, निरमंड, रामपुर और आनी क्षेत्रों में पाई गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मादक पदार्थ इन्हीं क्षेत्रों से लाकर सप्लाई किए जा रहे थे। लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद 23 मार्च को पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार (40) को सोलन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना आनी (कुल्लू) में मामला दर्ज है, जबकि चोरी और मारपीट के तीन अन्य मामले दाड़लाघाट व बिलासपुर में दर्ज हैं। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 24 मार्च को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। गौरतलब है कि 10 मार्च को एसआईयू टीम ने कराड़ाघाट के पास नाकाबंदी के दौरान एक आल्टो कार और ट्रक से 935 ग्राम अफीम और 1.980 किलोग्राम चरस बरामद की थी। उस दौरान ट्रक चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया था। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच जारी है तथा अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
Post a Comment