दाड़लाघाट
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में कार्यकारी प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल की अध्यक्षता में शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने की। शिक्षा संवाद के दौरान सर्वप्रथम प्रवक्ता इतिहास अमर सिंह वर्मा ने उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों और अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों और मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस संवाद का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके। प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल ने अपने संबोधन में शिक्षा विभाग की विभिन्न पहल जैसे आपार आईडी, अभ्यास हिमाचल और माई करियर एडवाइजर ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों के लिए आपार आईडी बनाना अनिवार्य है। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि वर्तमान समय में युवाओं में नशे, विशेषकर चिट्टे की लत बढ़ती चिंता का विषय बन रही है। इस अवसर पर कक्षा छठी, सातवीं, आठवीं, नौवीं और प्लस वन का वार्षिक परीक्षा परिणाम भी घोषित किया गया, जिस पर प्रधानाचार्य ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय को सीबीएसई से संबद्धता मिल चुकी है और पहली अप्रैल से नई कक्षाओं के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर, सदस्य प्रेम भगत, मेहर चंद बट्टू, लता, विमला, दीपा, निशा, सरिता सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे।
Post a Comment