दाड़लाघाट
शारदा पब्लिक स्कूल कश्लोग में वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात बताया जा रहा है। सभी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी कक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त किए। विद्यालय के मुख्याध्यापक तरुण गांधी ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। इसके साथ ही विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत सत्र 2026-27 के लिए पहली कक्षा में 25 प्रतिशत सीटें आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित की हैं। इसके अंतर्गत कुल 8 सीटें निःशुल्क शिक्षा हेतु निर्धारित की गई हैं। मुख्याध्यापक ने जानकारी दी कि चयनित विद्यार्थियों को न केवल निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी, बल्कि उन्हें पाठ्य पुस्तकें और वर्दी भी मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा। इन सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल से 6 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें इच्छुक अभिभावक आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं।
इस पहल के माध्यम से विद्यालय न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर भी दे रहा है।
Post a Comment